स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत के पर्वतारोही अर्जेंटीना के लिए रवाना

एनआईएम और जेआईएम एंड डब्ल्यूएस ने किया संयुक्त आयोजन

'नेतृत्व टीमवर्क व मानसिक दृढ़ता सर्वश्रेष्ठ पर्वतारोहियों की पहचान'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 5 February 2026 03:28:33 PM

mount aconcagua mountaineering expedition in argentina

नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज साउथ ब्लॉक नई दिल्ली से अर्जेंटीना के माउंट एकोनकागुआ केलिए एक संयुक्त पर्वतारोही अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 6961 मीटर की ऊंचाई वाला यह पर्वत दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी और एशिया के बाहर का सबसे ऊंचा पर्वत है। यह संयुक्त अभियान नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) उत्तरकाशी और जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान (जेआईएम एंड डब्ल्यूएस) पहलगाम संचालित कर रहा है। रक्षामंत्री ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान को कर्मियों को साहस, दृढ़ता और संकल्प केसाथ चुनौतियों का सामना करने केलिए तैयार करने की सराहना की।
पर्वतारोही टीम को शुभकामनाएं देते हुए रक्षामंत्री ने कहाकि इस दुर्गम शिखर पर चढ़ाई करना केवल शारीरिक सहनशक्ति की परीक्षा नहीं है, बल्कि नेतृत्व, टीम वर्क और मानसिक दृढ़ता की सच्ची परीक्षा है, जो देश के सर्वश्रेष्ठ पर्वतारोहियों की पहचान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि सदस्य दक्षिण अमेरिका के सर्वोच्च शिखर और एशिया के बाहर सबसे ऊंचे पर्वत पर चढ़ाई को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे और देश को गौरवांवित करेंगे। छह सदस्यीय दल में उच्च प्रशिक्षित प्रशिक्षक शामिल हैं-कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी संतोष कुमार, दीप बहादुर साही, विनोद गुसैन, नायब सिपाही भूपिंदर सिंह और हवलदार रमेश कुमार।
एकोनकागुआ पर्वत पर प्राप्त ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास देशभर के युवाओं, सशस्त्र बलों के कर्मियों और साहसिक गतिविधियों के शौकीनों के सुरक्षित, सशक्त और अधिक प्रभावी प्रशिक्षण में प्रत्यक्ष रूपसे योगदान देगा। यह अभियान वैश्विक स्तरपर साहसिक गतिविधियों और पर्वतीय अन्वेषण में भारत की बढ़ती उपस्थिति का प्रतीक भी है। यह यात्रा 6 फरवरी 2026 को शुरू होगी और अभियान के महीने के अंत तक समाप्त होने की उम्मीद है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]