स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त और देश के जाने माने पुलिस अधिकारी युद्धवीर सिंह डडवाल ने बुधवार को भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक का कार्यभार संभाल लिया। युद्धवीर सिंह डडवाल ने XIX वें राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान दिल्ली की अभेद्य सुरक्षा की व्यवस्था कर यहां राष्ट्रमंडल खेलों का सफलतापूर्वक आयोजन करने और दिल्ली में अपराधों पर नियंत्रण पाकर काफी ख्याति हासिल की थी। इससे पूर्व 1992 में दिल्ली में एशियाई खेलों के आयोजन में भी इन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। युद्धवीर सिंह डडवाल सशस्त्र सीमा बल के ग्यारहवें महानिदेशक हैं।भारतीय पुलिस सेवा के 1974 बैच के अधिकारी युद्धवीरसिंह डडवाल, असम, गोवा,मेघालय और केंद्र शासित प्रदेश कैडर से हैं। वेएसएसबी में एमवी कृष्णाराव के स्थान पर आए हैं। एमवी कृष्णा राव पिछले माह 31 अक्टूबरको एसएसबी से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
एसएसबी के नए महानिदेशक युद्धवीर सिंह डडवाल पंजाब के होशियारपुर जिले के मूल निवासी हैं।इतिहास में स्नातकोत्तर डडवाल 1974 में भारतीय पुलिस सेवा में आए। उन्होंने विदेश में यूएस से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण,एफबीआई अकादमी क्वाटिंको यूएसए से मेजर केस मैनेजमेंट का प्रशिक्षण प्राप्त किया हुआ है।वर्ष 1977में एएसपी अंडमान निकोबार के तौर पर उन्होंने अपना पुलिस कैरियर प्रारम्भ किया। दिल्ली पुलिस,केंद्रीय सचिवालय में विभिन्न उच्च पदों पर रहने के अलावा वे चंडीगढ़ और अरूणाचल प्रदेश में भी आईजी पुलिस के पद पर तैनात रहे हैं। डडवालने पंजाब में अपने कार्यकाल के दौरान पंजाबके पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड की गुत्थी को पांच दिन के अंदर सुलझा कर प्रशंसा प्राप्त की। युद्धवीर सिंह डडवाल को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति ने भारतीय पुलिस पदक और राष्ट्रपति पुलिस पदक,कठिन सेवा पदक और आंतरिक सुरक्षा पदक आदि कई पदकों से सम्मानित किया है।