स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत ग्रीस में रक्षा औद्योगिक सहयोग मजबूत हुआ

दोनों देशों के रक्षामंत्रियों की द्विपक्षीय बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

पांच वर्षीय रोडमैप के तहत संयुक्त आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 10 February 2026 11:57:06 AM

india-greece defence industrial cooperation strengthens

नई दिल्ली। भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और हेलेनिक गणराज्य (ग्रीस या यूनान) के रक्षामंत्री निकोलाओस जॉर्जियोस डेंडियास की कल नई दिल्ली में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों रक्षामंत्रियों ने भारत और ग्रीस रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और पारस्परिक सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित होने की बात दोहराई। दोनों रक्षामंत्रियों ने भारत के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'एजेंडा 2030' केतहत ग्रीस के रक्षा सुधारों केबीच साझेदारी से अपने-अपने स्वदेशी रक्षा उद्योगों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया।
भारत और ग्रीस केबीच इस अवसर पर रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने केलिए संयुक्त आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए, यह पांच वर्षीय रोडमैप तैयार करने का प्रारंभिक बिंदु है। भारत और ग्रीस के रक्षा मंत्रियों ने क्षेत्रीय शांति सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की एवं द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और रणनीतिक संबंधों को और ज्यादा सुदृढ़ करने पर सहमति व्यक्त की। वर्ष 2026 केलिए एक द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का भी आदान प्रदान किया गया, इसमें दोनों देशों के सशस्त्र सुरक्षाबलों केबीच सैन्य गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है। दोनों प्राचीन समुद्री राष्ट्रों केबीच विभिन्न प्रमुख समुद्री मुद्दों पर सहमति का भी उल्लेख किया गया।
ग्रीस की ओरसे गुरुग्राम में सूचना संलयन केंद्र-हिंद महासागर क्षेत्रमें एक ग्रीक अंतर्राष्ट्रीय संपर्क अधिकारी की नियुक्ति की घोषणा की गई। इससे पहले ग्रीस के रक्षामंत्री ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर पुष्पांजलि अर्पितकर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद योद्धाओं को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मानेकशॉ केंद्र में त्रिसेवा गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। हेलेनिक प्रतिनिधिमंडल ने बेंगलुरु में प्रमुख रक्षा एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया, नई दिल्ली में रक्षा उपक्रमों, रक्षा उद्योग और स्टार्टअप प्रतिनिधियों से बातचीत की। भारत और ग्रीस की यह मुलाकात दोनों देशों की सरकारों व लोगों केबीच दीर्घकालिक सौहार्दपूर्ण और घनिष्ठ संबंधों पर आधारित भारत हेलेनिक गणराज्य केबीच रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि करती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]