स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
देहरादून। मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की उत्तराखण्ड प्रदेश कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री निशंक ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तीकरण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में ठोस कदम भी उठाये गये हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उनके राजनैतिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की आधार शिला रखी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिए अलग से जेन्डर बजट का प्रावधान रखा है। उन्हें रोजगार प्रदान करने की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गए हैं। पांच हजार से अधिक नये आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से 11 हजार महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड निर्माण में मातृ शक्ति का बड़ा योगदान है, और राज्य आंदोलन में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की है। सरकार ने निर्धन परिवारों को कन्या के विवाह के लिए प्रति कन्या दस हजार रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है। उत्तराखण्ड में महिलाओं का उत्पीड़न रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 108 जैसी लोकप्रिय सेवा को महिला हेल्प लाइन के रूप में भी चालू किया गया है। किशोरी बालिकाओं के विकास एवं सशक्तिकरण के लिए भी सबला योजना प्रारम्भ की गई है। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर बैठक का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष स्मृति ईरानी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल, राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद की अध्यक्ष उषा रावत सहित वरिष्ठ भाजपा नेत्रियां उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री से भाजपा नेता और टीवी कलाकार स्मृति ईरानी ने शिष्टाचार भेंट की। ईरानी से मुख्यमंत्री ने विभिन्न सम-सामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श भी किया।