स्वतंत्र आवाज़
word map

तीन देशों की यात्रा पर राष्ट्रपति मोल्दोवा पहुंचीं

किसीभी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली राजकीय यात्रा

मध्य और पूर्वी यूरोप के साथ भारत के संबंधों को और मजबूती

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 20 July 2026 06:27:39 PM

the president arrived in moldova on a three-nation tour

चिशिनाउ/ नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सुबह मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया की अपनी राजकीय यात्रा के पहले चरण में मोल्दोवा की राजधानी चिशिनाउ पहुंचीं। गौरतलब हैकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की यह राजकीय यात्रा मध्य और पूर्वी यूरोप केसाथ भारत के संबंधों को और मजबूती प्रदान करने वाली है और किसीभी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की यह पहली यात्रा है। राष्ट्रपति की इस राजकीय यात्रा पर राष्ट्रपति केसाथ उपभोक्ता मामले खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया, राज्‍यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा और लोकसभा सांसद विजय बघेल भी गए हैं। चिशिनाउ अंतर्राष्‍ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचने पर राष्ट्रपति का स्वागत मोल्दोवा गणराज्य के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मिहाई पॉपसोई ने किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रेसिडेंशियल पैलेस पहुंचने पर वहां मोल्दोवा गणराज्य की राष्ट्रपति माया सैंडू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। आमने-सामने की बैठक और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय साझेदारी के सभी पहलुओं पर सार्थक और भविष्योन्मुखी चर्चा की। राष्ट्रपति ने कहाकि यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली राजकीय यात्रा है, यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और हमारे दोनों देशों केबीच बढ़ती मित्रता और आपसी विश्वास को दर्शाती है। राष्ट्रपति ने कहाकि भारत और मोल्दोवा तीन दशक से मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध साझा करते आ रहे हैं, भौगोलिक रूपसे दूर होने के बावजूद शांति, विकास और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग केप्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता के अनुरूप हमारी साझेदारी निरंतर बढ़ती रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उल्‍लेख कियाकि आर्थिक सहयोग हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्‍होंने व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने, कनेक्‍टिविटी में सुधार करने और अपने व्‍यवसायी वर्गों केबीच घनिष्ठ जुड़ाव को प्रोत्साहित करने की जरूरत पर जोर दिया। राष्ट्रपति ने मोल्दोवा के पेशेवरों केलिए आईटीईसी ट्रेनिंग स्लॉट की संख्या दोगुनी करने के भारत के निर्णय की जानकारी दी, इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती हुई प्रौद्योगिकियों के विशेष पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। उन्होंने मोल्दोवा के राजनयिकों को भारत के विदेशी सेवा संस्‍थान में एआई और साइबर डिप्लोमेसी पर विशेष पाठ्यक्रमों में भाग लेने केलिए आमंत्रित किया।
भारत और मोल्दोवा की राष्ट्रपति दोनों देशों के मध्य आपसी हित के विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए, इनमें कृषि, लॉजिस्टिक्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर, हैल्‍थकेयर एवं फार्मास्यूटिकल्स, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार शामिल हैं। दोनों नेता एक समान वैश्विक चुनौतियों से निपटने और एक शांतिपूर्ण, स्थिर, समृद्ध विश्व व्यवस्था के निर्माण में योगदान देने केलिए मिलकर काम करते रहने पर भी सहमत हुए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]