मंडी-रेहरधार शाखा डाकघर के बीच सेवा का शुभारंभ
दूर-दराज पर्वतीय क्षेत्रों में डाक सेवा वितरण का विस्तारस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Sunday 14 June 2026 03:06:48 PM
शिमला। हिमाचल प्रदेश में ड्रोन डाक सेवा शुरू हो गई है। यह केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया की हिमाचल प्रदेश के मंडी प्रधान डाकघर और रेहरधार शाखा डाकघर केबीच ड्रोन डाक एवं पार्सल वितरण सेवा शुरू करने की पहल है। यह पहल ज्योतिरादित्य सिंधिया की ग्रामीण डाक सेवकों और डाक सहायकों केसाथ हुई बातचीत में प्राप्त प्रतिक्रिया पर आधारित है, जिसमें दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रोंमें तीव्र और अधिक कुशल संपर्क की आवश्यकता पर बल दिया गया था।
भारतीय डाक विभाग ने डाक सेवाओं को मजबूत करने केलिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के विज़न से प्रेरित होकर अगले दो से तीन महीने में हिमाचल प्रदेश और असम में लगभग 150 चिन्हित मार्गों पर ड्रोन डाक सेवा शुरू करने की योजना बनाई है, जिसमें मंडी-रेहरधार मार्ग इस पहल को शुरू करने वाला पहला मार्ग होगा। मंडी प्रधान डाकघर से लगभग 12 किलोमीटर दूर रेहरधार ब्रांच डाकघर तक पारंपरिक व्यवस्थाओं से पहुंचने में वर्तमान में दो घंटे से अधिक का समय लगता है।
ड्रोन संचार के कारण यह समय घटकर लगभग सात मिनट रह गया है। यह सेवा भूभाग संबंधी चुनौतियों को दूर करते हुए वास्तविक समय में ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान करती है और पर्यावरण अनुकूल परिवहन का एक साधन उपलब्ध कराती है। इससे सेवा वितरण में सुधार, दूर-दराज और पर्वतीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करने और स्थानीय समुदायों केलिए आवश्यक डाक सेवाओं तक पहुंच में सुधार होने की उम्मीद है, जिससे सामाजिक और आर्थिक समावेशन को बढ़ावा मिलेगा।