देश के हर कोने तक एनसीसी की पहुंच का प्रदर्शन
एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर 2024 में शामिलस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 4 January 2024 04:14:27 PM
नई दिल्ली। भारत के गणतंत्र दिवस के लिए नॉर्थ ईस्ट का एनसीसी गर्ल्स बैंड तैयार है। राष्ट्रीय कैडेट कोर गणतंत्र दिवस शिविर 2024 में पूर्वोत्तर की 45 बालिकाओं वाला बैंड पहलीबार भाग ले रहा है, इसमें 13-15 वर्ष आयु वर्ग की कैडेट्स शामिल हैं, जो पूर्वोत्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करती हैं और देश के हर कोने तक एनसीसी की पहुंच का प्रदर्शन करती हैं। राष्ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने दिल्ली कैंट में मीडिया को यह जानकारी देते हुए बतायाकि देशभर से 907 लड़कियों की अधिकतम भागीदारी सहित कुल 2,274 कैडेट एक महीने तक चलने वाले एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में भाग ले रहे हैं।
राष्ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने कहाकि युवाओं की बढ़ती आकांक्षाओं को समायोजित करने केलिए कैडेटों के प्रशिक्षण दर्शन को परिष्कृत किया गया है। उन्होंने बतायाकि अब पूरा ध्यान व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व गुणों को बढ़ावा देने और कैडेटों के अकुशल कौशल में सुधार करके उन्हें उनकी भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर है। लेफ्टिनेंट जनरल ने कहाकि उनका विचार कैडेटों को बेहतर नागरिक बनाने और उनमें राष्ट्र प्रथम की भावना उत्पन्न करने का है। एनसीसी महानिदेशक ने कहाकि गणतंत्र दिवस शिविर का उद्देश्य कैडेटों को राष्ट्र की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराना और कैडेटों की मूल्यगत प्रणाली को सशक्त बनाना है, यह शिविर राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देगा और सांस्कृतिक विचारों के आदान-प्रदान कार्यक्रमों के माध्यम से विविधता में एकता को भी विस्तार देगा। उन्होंने बतायाकि उपराष्ट्रपति, रक्षामंत्री, रक्षा राज्यमंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस शिविर का दौरा करेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने वर्ष 2023 में एनसीसी की प्रमुख गतिविधियों के बारेमें जानकारी दी। उन्होंने बतायाकि 39 बार एक भारत श्रेष्ठ भारत शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें दो वाइब्रेंट विलेज एरिया कैंप, तीन डीआरडीओ कैंप और एक एयरोस्पेस कैंप भी शामिल हैं। मेगासाइक्लोथॉन, नारी वनधन दौड़ और खेल आयोजनों में असाधारण प्रदर्शन, पर्वतारोहण अभियान तथा जी20 के आयोजनों में राष्ट्रीय कैडेट कोर की उपस्थिति ऐसी अन्य उपलब्धियां थीं। राष्ट्रीय कैडेट कोर गणतंत्र दिवस शिविर 2024 में केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 122 कैडेटों केसाथ पूर्वोत्तर के 177 कैडेट भी शामिल हैं। यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम केतहत 25 मित्र देशों के कैडेट तथा अधिकारी भी इसमें भाग लेंगे।