स्वतंत्र आवाज़
word map

पटना में चुनावी साक्षरता क्लबों 2.0 का शुभारंभ

लोकतांत्रिक भागीदारी में शैक्षिक संस्थानों की बड़ी भूमिका-सीईसी

भारत में चुनाव पूरी तरह से संविधान और आयोग के निर्देशानुसार!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 18 August 2026 01:00:27 PM

launch of electoral literacy clubs 2.0 in patna

पटना। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने ज्ञान भवन पटना में ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब्स एंड ईसीआईनेट’ सम्मेलन के दौरान इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों (ईएलसी 2.0) का शुभारंभ किया और कहाकि शैक्षणिक संस्थान चुनावी प्रक्रियाओं में विश्वास मजबूत करने, चुनावी साक्षरता बढ़ाने और सूचित लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहाकि भारत में चुनाव पूरी तरह से संविधान, निष्पक्ष और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कराए जाते हैं, चुनाव प्रक्रिया के सभी चरणों में राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों एवं उनके प्रतिनिधियों की निगरानी केसाथ पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाता है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने छात्रों और युवा मतदाताओं को चुनावी प्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्य, मतदाता पंजीकरण, मतदान, मतगणना प्रक्रिया, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल दिया। युवा नागरिकों की भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहाकि चुनावी प्रक्रिया में उनका विश्वास और सूचित भागीदारी लोकतंत्र के भविष्य में एक महत्वपूर्ण निवेश है। सीईसी ने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नए लोगो का भी अनावरण किया, इसकी नई टैगलाइन ‘लोकतंत्र सीखें, लोकतंत्र का नेतृत्व करें’ का उद्देश्य युवाओं और पहलीबार मतदान करने वाले मतदाताओं को न केवल लोकतंत्र को समझने, बल्कि इसमें सार्थक रूपसे भाग लेने और इसकी प्रगति में अपना योगदान देने के उद्देश्य को मजबूत करती है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नालंदा के अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर राजगीर में बूथ स्तर के अधिकारियों केसाथ बैठक की। सीईसी ने 16-17 अगस्त 2026 को अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान मधुबनी, वैशाली और नालंदा में जमीनी निरीक्षण भी किया। ईएलसी 2.0 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सुव्यवस्थित, सशक्त और डिजिटल रूपसे सक्षम मंच के रूपमें नए तरीके से प्रस्तुत करता है। इस पहल का उद्देश्य युवा नागरिकों केबीच चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देने और उनके परिवारों, शैक्षणिक संस्थानों तथा समुदायों में चुनावी जागरुकता फैलाने केलिए वर्षभर निरंतर गतिविधियां आयोजित करना है। ईएलसी 2.0 व्यापक ईसीआईनेट डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करेगा, जो मतदाता सूची से मतदान तक चुनाव से जुड़ी सेवाएं एकही क्लिक में उपलब्ध कराता है। ईसीआईनेट पर एक समर्पित ईएलसी पोर्टल के जरिए भारतभर में ईएलसी का एक सुव्यवस्थित नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
ईएलसी 2.0 पहल भारत के व्यापक शैक्षणिक व्यवस्था को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण है, इसमें लगभग 15 लाख स्कूल, करीब 25 करोड़ छात्र और एक करोड़ से अधिक शिक्षक शामिल हैं, उच्च शिक्षा क्षेत्रमें लगभग 1,500 विश्वविद्यालय और करीब 70,000 शैक्षणिक संस्थान हैं, जिनमें अनुमानित 4.33 करोड़ छात्र नामांकित हैं। इस व्यापक संस्थागत नेटवर्क से ईएलसी 2.0 का उद्देश्य तथ्यात्मक एवं व्यावहारिक चुनावी शिक्षा को बढ़ावा देना, भारत की चुनावी प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के बारेमें जागरुकता बढ़ाना और युवा नागरिकों को सूचित लोकतांत्रिक भागीदारी के दूत बनने केलिए प्रोत्साहित करना है। ईएलसी 2.0 चुनावी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों जैसे-मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना से संबंधित जानकारी प्रसारित करने केसाथ 'ईसीआईनेट ऐप' और निर्वाचन आयोग की प्रमुख पहलों के बारेमें जानकारी केलिए एक मंच के तौरपर कार्य करेंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]