स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 19 May 2025 01:14:23 PM
नई दिल्ली। राष्ट्रीय कैडेट कोर के एक पर्वतारोहण अभियान दल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 18 मई 2025 को 8848 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर सफलतापूर्वक रोहण किया। पर्वतारोहण अभियान दल में 10 एनसीसी कैडेट पांच-पांच लड़के लड़कियां, चार अधिकारी, दो जूनियर कमीशन अधिकारी, एक बालिका कैडेट प्रशिक्षक और 10 गैर कमीशन अधिकारी शामिल थे। एनसीसी पर्वतारोहण टीम केलिए देशभर से 19 वर्ष की औसत आयु के नौसिखिए लड़के लड़कियों को शामिल किया गया था।
एनसीसी कैडेट्स को पर्वतारोहण पर जाने से पहले उसके अनुकूल प्रशिक्षण में माउंट अबीगामिन पर कड़ा अभ्यास कराया गया। पंद्रह कैडेट्स की टीम चयनित की गई, जिसे फिरसे सियाचिन बेस कैंप के आर्मी माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट में शीतकालीन एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। एनसीसी कैडेट्स के इस तरह से महीनों के प्रशिक्षण केबाद इनमें से दस कैडेट्स को माउंट एवरेस्ट अभियान केलिए तैयार और रवाना किया गया। राष्ट्रीय कैडेट कोर के सबसे युवा पर्वतारोहियों की यह टीम आकर्षण का केंद्र बनी और चढ़ाई के विभिन्न चरणों में अनुकूलन प्रशिक्षण से फिटनेस तथा अनुशासन केलिए विख्यात हुई।
नेपाल के शेरपाओं ने एनसीसी पर्वतारोहण टीम के सदस्यों की शारीरिक तत्परता और मनोबल की खूब प्रशंसा की। पर्वतारोही कैडेट्स ने चुनौतीपूर्ण मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा झंडा और एनसीसी ध्वज फहराया, जो राष्ट्रीय गौरव तथा युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है। गौरतलब हैकि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस एनसीसी पर्वतारोहण अभियान को 3 अप्रैल 2025 को नई दिल्ली में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह एनसीसी का माउंट एवरेस्ट पर तीसरा पर्वतारोहण है। इससे पहले भी वर्ष 2013 और वर्ष 2016 में एनसीसी ने पर्वतारोहण किया था।