स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 19 May 2025 05:31:29 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा हैकि भारत को विकसित और कृषि को उन्नत बनाएंगे। उन्होंने कृषि भवन नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से आज राज्यों के कृषि मंत्रियों से ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ को सफल बनाने का आह्वान किया है, जिसमें 29 मई से 12 जून तक देशव्यापी भागीदारी करके अधिक से अधिक किसानों तक शोध एवं तकनीकी लाभ पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है। कृषि मंत्री ने कहाकि कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के संयुक्त प्रयास से अभियान केतहत 2,170 वैज्ञानिक टीमों का गठन कर दिया गया है, जो देशभर में गांव-गांव जाकर किसानों को प्रशिक्षित करेंगी, इसके लिए दो तरफा संवाद होगा, एक ओर वैज्ञानिक किसानों को शोध और तकनीक की जानकारी देंगे, वहीं दूसरी ओर किसानों से खेती में आरही समस्याओं की जानकारी भी लेंगे और समाधान बताएंगे।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि कृषि उत्पादन बढ़ाने केलिए विकसित कृषि संकल्प अभियान एक बहुत बड़ा प्रयास है और हमारा उद्देश्य किसानों की खेती को फायदे में बदलना, खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाना, देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, अनाज, दालें, फल, सब्जियों के भंडार भरना और पोषणयुक्त आहार देश की जनता को उपलब्ध कराना है। शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लगभग आधी आबादी की आजीविका कृषि पर ही आधारित है और हमें कृषि संबंधित आजीविका को सुनिश्चित करने के प्रयास लगातार जारी रखने होंगे। उन्होंने कहाकि धरती को आनेवाली पीढ़ियों केलिए अच्छी उपयोगी स्थिति में बनाए रखना जरूरी है, इस दिशामें भी केंद्र और राज्य सरकारें बेहतर काम कर रही हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त कीकि इसवर्ष रिकॉर्ड स्तरपर कृषि उत्पादन हुआ है, चाहे चावल हो, धान हो, मक्का हो यहां तककि दाल-दलहन, तिलहन में भी उत्पादन ने नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। कृषि मंत्री ने इसके लिए राज्यों के कृषि मंत्रियों को बहुत बधाई दी और कहाकि अभी रुकना नहीं है, बल्कि इस उपलब्धि से और आगे जाना है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि केंद्र और राज्य सरकारों के कृषि मंत्रालय के अंतर्गत आनेवाले संस्थान, विभाग, विश्वविद्यालय व दूसरे संसाधनों के आपसी तालमेल से काम करने से सफलता की नई ऊंचाईयां अर्जित की जा सकती हैं, खेती में चमत्कार हो सकता है। शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लैब टू लैंड विजन को साकार करने के उद्देश्य से ही विकसित भारत केलिए ही विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है, यह अभियान किसानों को समर्पित है। शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि किसानों की हितों की पूर्ति की बड़ी जिम्मेदारी राज्यों के ऊपर भी है, इसलिए अपील कीकि इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने राज्यों से ‘एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम’ की धारणा से आगे इसी खरीफ की बुआई से पहले कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशामें इस अभिनव अभियान को सफल बनाने को कहा है। विकसित कृषि संकल्प अभियान पर चर्चा के दौरान बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ एमएल जाट और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।