स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय नौसेना ने संभाली बहुराष्ट्रीय टास्क फोर्स

विदेशों में भारतीय पेशेवर विशेषज्ञता एवं रक्षा भागीदारी विश्वसनीय

बहरीन के मनामा सीएमएफ मुख्यालय में कमान परिवर्तन समारोह

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 12 February 2026 02:51:04 PM

indian navy takes over command of the task force

मनामा (बहरीन)। बहुराष्ट्रीय देशों तक भारत की पेशेवर विशेषज्ञता और रक्षा भागीदारी विश्वसनीय मानी जाती है। भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर क्षेत्र व उससे भी आगे की सहयोगात्मक समुद्री सुरक्षा और क्षमता निर्माण केलिए देशकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करने वाले ऐतिहासिक घटनाक्रम में संयुक्त समुद्री बलों के अंतर्गत प्रमुख बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यबल यानी कमांडेड टास्क फोर्स 154 की कमान संभाल ली है। यह कमान परिवर्तन समारोह बहरीन के मनामा सीएमएफ मुख्यालय में हुआ, जिसकी अध्यक्षता सीएमएफ, यूएस नेवसेंट, यूएस फिफ्थ फ्लीट के कमांडर वाइस एडमिरल कर्ट ए रेनशॉ ने की। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के उपनौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती और सदस्य देशों के वरिष्ठ सैन्य प्रमुख भी उपस्थित थे।
भारतीय नौसेना के शौर्य चक्र से सम्मानित कमोडोर मिलिंद एम मोकाशी ने इतालवी नौसेना के निवर्तमान कमांडर से सीटीएफ 154 के कमांडर का पदभार औपचारिक रूपसे ग्रहण किया। सीटीएफ 154 विशेष रूपसे सीएमएफ के सदस्य देशों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर केंद्रित है। यह सीएमएफ के 47 देशों केबीच भारत की पेशेवर विशेषज्ञता, परिचालन अनुभव और अधिमान्य सुरक्षा भागीदार के रूपमें क्षेत्र के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। मई 2023 में स्थापित सीटीएफ 154, मध्य पूर्व और व्यापक क्षेत्रमें बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए समुद्री सुरक्षा केलिए समर्पित है। यह प्रशिक्षण पांच मुख्य स्तंभों समुद्री क्षेत्र जागरुकता, समुद्र का कानून, समुद्री अवरोधन अभियान, समुद्री बचाव, सहायता और नेतृत्व विकास पर केंद्रित है।
बहुराष्ट्रीय कमांडेड टास्क फोर्स नियमित रूपसे समुद्री सुरक्षा संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम, कम्पास रोज़ और उत्तरी व दक्षिणी तत्परता जैसे अभ्यास आयोजित करता है और अवैध तस्करी, समुद्री डकैती और अनियमित प्रवासन जैसे सामान्य खतरों के खिलाफ सहयोगी देशों की परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने केलिए संपर्क कार्यक्रम चलाता है। कमांड टास्क फोर्स 154 सीएमएफ के अन्य टास्क फोर्स केसाथ मिलकर सीटीएफ 150 (समुद्री सुरक्षा), सीटीएफ 151 (समुद्री डकैती विरोधी अभियान), सीटीएफ 152 (अरब की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा) और सीटीएफ 153 (लाल सागर में समुद्री सुरक्षा) कार्यों को अंजाम देता है। भारतीय नौसेना कमांड टास्क फोर्स के एक सफल कार्यकाल केप्रति आशांवित है, जिसमें उच्च प्रभावी प्रशिक्षण पहल प्रदान करना और शांति, समृद्धि एवं सुरक्षा केलिए वैश्विक समुद्री साझेदारी को मजबूत बनाना शामिल है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]