स्वतंत्र आवाज़
word map

अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण शुरू

महिलाओं के स्वास्थ्य व गरिमा के प्रति सरकार संवेदनशील-प्रधानमंत्री

कई परियोजनाओं का उद्घाटन और युवाओं को नियुक्तिपत्र भी वितरित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 28 February 2026 05:16:07 PM

nationwide hpv vaccination begins in ajmer

अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया और कहाकि ये अभियान देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहाकि हम सब जानते हैंकि परिवार में जब मां बीमार होती है तो घर बिखर सा जाता है, अगर मां स्वस्थ है तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम रहता है, इसी भावसे भाजपा सरकार ने महिलाओं को संबल देने वाली अनेक योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने आजके दिन को राजस्थान के विकास पथ में बड़ा पड़ाव बताया। प्रधानमंत्री ने सुरसुरा के तेजाजी धाम और मेजर दलपत सिंह की वीरता सहित इस क्षेत्र की सांस्कृतिक और वीरता की विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी हाइफ़ा को मुक्त कराने में भूमिका को आजभी इज़राइल में सम्मानित किया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संतोष व्यक्त कियाकि राजस्थान में डबल इंजन सरकार ने तीव्र प्रगति के दो वर्ष पूरे कर लिए हैं, सरकार विकास के उन वादों को पूरा कर रही है, जो उन्होंने जनता से किए थे और आजका दिन विकास के इस अभियान को और तेज करने का दिन है। प्रधानमंत्री ने कहाकि आजके कार्यक्रम में सड़क, बिजली, जल, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रोंमें लगभग 17000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, जिनसे राजस्थान के लोगों की सुविधा बढ़ेगी और यहां युवाओं केलिए रोज़गार के अपार अवसर पैदा होंगे। नरेंद्र मोदी ने 21000 से अधिक नए रंगरूटों को नियुक्ति पत्र सौंपकर राज्य के युवाओं केलिए एक नए युग की शुरुआत का जिक्र भी किया। प्रधानमंत्री ने शौचालयों, सैनिटरी पैड्स और उज्ज्वला गैस योजना केलिए मिशन मोड समाधानों के सफल कार्यांवयन का उल्लेख करते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य और गरिमा केप्रति सरकार के संवेदनशील दृष्टिकोण का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने सुरक्षित मातृत्व योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने केलिए बहनों के खातों में 5000 रुपये जमा किए जाते हैं, जो उपेक्षा की संस्कृति से संवेदनशीलता की संस्कृति की ओर एक कदम है।
प्रधानमंत्री ने कहाकि सड़क, रेल और हवाई मार्ग से आधुनिक संपर्क राजस्थान का भविष्य बदल रहा है। उन्होंने कहाकि बेहतर यात्रा व्यवस्थाएं अजमेर पुष्कर जैसे ऐतिहासिक स्थानों पर पर्यटन को बढ़ावा दे रही हैं, इससे स्थानीय व्यवसायों, कारीगरों और टैक्सी चालकों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहाकि दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे के आसपास बन रहा बुनियादी ढांचा राजस्थान को वैश्विक निवेश केलिए 'अवसरों की भूमि' बना रहा है। भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा पर प्रकाश डालते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने हालही में दिल्ली में विश्व के सबसे बड़े एआई शिखर सम्मेलन और इज़राइल की अपनी यात्रा का जिक्र किया, जहां भारत की प्रगति और कौशल की सराहना की गई। नरेंद्र मोदी ने कहाकि इसमें दुनिया के कई देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति आए, बड़ी कंपनियों के प्रमुख आए, सभी ने खुले मन से भारत की प्रशंसा की। बीते 11 वर्ष में भारत के सशस्त्र बलों की सफलता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहाकि भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर आतंकवादियों और देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया है। प्रधानमंत्री ने कहाकि हमारी सेना हर मोर्चे पर हर अभियान में विजयी रही है, सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक उन्होंने अपनी क्षमता साबित की है।
किसानों की शिकायतों का समाधान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहाकि वर्तमान सरकार ईआरसीपी परियोजना को साकार करने केलिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहाकि नदियों को जोड़ने का अभियान झालावाड़, बारां, कोटा और बूंदी के किसानों को निश्चित ही महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करेगा, इसमें संशोधित 'पार्वती-कालीसिंध-चंबल' और 'यमुना-राजस्थान' लिंक परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने सूर्य से समृद्धि अर्जित करने की राजस्थान की क्षमता पर प्रकाश डाला और कहाकि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केतहत सरकार छतों पर सौर पैनल लगाने केलिए 78000 रुपये की सहायता प्रदान करती है, राजस्थान में 1.25 लाख से अधिक परिवार पहले ही इस योजना से जुड़ चुके हैं, जिससे कई परिवारों के बिजली बिल लगभग शून्य हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने ‘विकसित राजस्थान से विकसित भारत’ के मंत्र को दोहराते हुए राज्य के प्रत्येक परिवार के समृद्ध जीवन की परिकल्पना की। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाउ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद भैरवा, दिया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे सिंधिया, केंद्रीय मंत्री भगीरथ चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]