सेना प्रशिक्षण कमान शिमला में हुआ अलंकरण समारोह
उत्कृष्ट योगदान पर प्रतिष्ठानों और जवानों का सम्मानस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 25 March 2026 02:38:55 PM
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सेना प्रशिक्षण कमान का शिमला डैन्फे ऑडिटोरियम में 24 मार्च को अलंकरण समारोह हुआ। जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ आर्मी ट्रेनिंग कमांड लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की। लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने इस अवसर पर कहाकि आर्मी ट्रेनिंग कमांड के पुरस्कृत जवान इसकी उपलब्धियों के केंद्र में हैं। उन्होंने ‘डिकेड ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन’ के पांच स्तंभों के अंतर्गत आर्मी ट्रेनिंग कमांड की 57 पहलों का उल्लेख किया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों से मिले अनुभवों के आधार पर कहाकि ड्रोन अब युद्धक्षेत्र की अनिवार्य आवश्यकता बन चुके हैं। उन्होंने बतायाकि आर्मी ट्रेनिंग कमांड में अबतक 50000 से अधिक कर्मियों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने बतायाकि 15 संस्थान वर्ष 2030 तक 33 विशिष्ट तकनीकों को अपनाने केलिए ‘सेंटर ऑफ एक्सपर्टीज’ के रूपमें विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने ‘विदुर वक्ता’ पहल के 2027 तक सेना स्तरपर संस्थानीकरण, चतुर्वार्षिक प्रशिक्षण निदेश 2025-2029 और पदोन्नति एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के ऑनलाइन माध्यम पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने आर्मी ट्रेनिंग कमांड की लैंगिक समानता और सैन्य कूटनीति केप्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने आर्मी ट्रेनिंग कमांड के सदस्यों से निरंतर सीखने, स्वयं को अनुकूलित करने और उभरती तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया, जो आदर्श वाक्य ‘युद्ध कला वह सैन्य विज्ञान में उत्कृष्ट’ की भावना के अनुरूप है। उन्होंने संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार से विकसित भारत 2047 केप्रति आर्मी ट्रेनिंग कमांड की प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।
अलंकरण समारोह में प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट योगदान देनेवाले संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। प्रतिष्ठित जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ आर्मी ट्रेनिंग कमांड यूनिट प्रशस्ति चार श्रेणी ‘ए’ प्रशिक्षण संस्थानों-आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज, आर्मर्ड कोर सेंटर एंड स्कूल, मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री सेंटर एंड स्कूल तथा राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज को प्रदान की गई। दो संबद्ध इकाइयों-269 इंजीनियर रेजिमेंट और 665 आर्मी एविएशन स्क्वाड्रन को भी सम्मानित किया गया। वित्तीय उत्कृष्टता पुरस्कार कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल, जूनियर लीडर अकादमी और कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग को प्रदान किए गए। डिजिटाइजेशन एवं ऑटोमेशन उत्कृष्टता पुरस्कार मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री सेंटर एंड स्कूल को दिया गया। पैन-इंडियन आर्मी स्तरकी प्रतियोगिता में चयनित नवप्रवर्तकों को तकनीकी उत्कृष्टता पुरस्कार दिए गए। विशिष्ट सेवा केलिए जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ स्पॉट प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।