देशभर में ई-कॉमर्स से अंतिम दूरी तक डिलीवरी क्षमताओं को बढ़ावा
ई-कॉमर्स क्षेत्र को समर्थन देनेवाला लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूतस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 23 May 2026 11:55:16 AM
नई दिल्ली। भारत में ई-कॉमर्स क्षेत्र को समर्थन देनेवाले लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को मजबूत करके देशभर में अंतिम दूरी तक डिलीवरी क्षमताओं को बढ़ावा देने के एक महत्वपूर्ण कदम के रूपमें भारतीय डाक विभाग और फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अंतिम दूरी तक पार्सल डिलीवरी सेवाओं हेतु एक समझौता किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य डाक विभाग की बेजोड़ पहुंच और भरोसेमंद डिलीवरी नेटवर्क केसाथ भारत के ई-कॉमर्स क्षेत्रमें फ्लिपकार्ट की मजबूत उपस्थिति का लाभ उठाकर देशभर में कुशल, विश्वसनीय और ग्राहक केंद्रित पार्सल डिलीवरी समाधान प्रदान करना है। समझौते केतहत डाक विभाग देशभर में फ्लिपकार्ट शिपमेंट केलिए अंतिम दूरी तक डिलीवरी सेवाएं प्रदान करेगा।
डाक विभाग और फ्लिपकार्ट इंडिया केबीच समझौते की विशेषताएं हैं जैसे-फ्लिपकार्ट दूरस्थ और कम सुविधा वाले क्षेत्रों सहित शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्सल डिलीवरी सेवाओं केलिए इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का उपयोग करेगा। इन सेवाओं में प्रीपेड और कैश ऑन डिलीवरी पार्सल की डिलीवरी, ओटीपी आधारित डिलीवरी प्रमाणीकरण और तत्क्षण शिपमेंट ट्रैकिंग शामिल हैं। यह समझौता कुशल पार्सल आवागमन और वितरण केलिए तेज डिलीवरी, बेहतर परिचालन समन्वय और निर्बाध प्रौद्योगिकी एकीकरण पर केंद्रित है। इस सहयोग से भारत के तेजीसे बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र को समर्थन देने वाले लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर को औरभी अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। साझेदारी से फ्लिपकार्ट को डाक विभाग के 1.6 लाख से अधिक डाकघरों के विशाल नेटवर्क और भारतभर में अद्वितीय वितरण नेटवर्क तक पहुंच प्राप्त होगी। इससे बाजार तक व्यापक पहुंच, वितरण दक्षता में सुधार और विशेष रूपसे दूरस्थ तथा ग्रामीण क्षेत्रोंमें बेहतर सेवा प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
फ्लिपकार्ट भारत की अग्रणी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक है, जो देशभर में लाखों ग्राहकों को उत्पादों और डिजिटल वाणिज्य समाधानों की विस्तृत श्रृंखला के जरिए सेवा प्रदान करती है। इस सहयोग से डाक विभाग के पार्सल व्यवसाय को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इससे उसके वितरण नेटवर्क और लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर का बेहतर उपयोग हो सकेगा। यह साझेदारी डाक विभाग के उन निरंतर प्रयासों के अनुरूप है, जिसके तहत वह भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने वाली एक अग्रणी लॉजिस्टिक संस्था के रूपमें खुदको विकसित करना चाहता है। नई दिल्ली में डाक विभाग के पार्सल निदेशालय के महाप्रबंधक नीरज कुमार झा और फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के वाणिज्यिक निदेशक हरविंदर कपूर ने डाक विभाग के पार्सल और सीसीएस निदेशालय के मुख्य महाप्रबंधक अदनान अहमद, फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक (कॉर्पोरेट कार्य) डिप्पी वंकानी और दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।