स्वतंत्र आवाज़
word map

चंद्रबनी में वन विभाग के हॉस्टल का शिलान्यास

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

देहरादून। मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने गुरूवार को आईएसबीटी के निकट चन्द्रबनी में वन विभाग के ट्रांजिट हॉस्टल का शिलान्यास किया। वन विकास निगम से वित्तपोषित इस ट्रांजिट हॉस्टल की लागत 2 करोड़ 21 लाख रुपये प्रस्तावित है और इसका निर्माण पेयजल निगम से कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक समारोह में कहा कि वन विकास निगम सहित समस्त वन विभाग का प्रदेश की आर्थिकी में बड़ा योगदान है। उत्तराखण्ड को हरित प्रदेश बनाने की दिशा में वन विभाग प्रयासरत है और इस वर्ष 16 लाख लोगों ने वृक्षारोपण किया है। यह संख्या 25 लाख तक करने का लक्ष्य है, वृक्षारोपण को पाठ्यक्रम का अंग बनाने की दिशा में सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वनो के विकास में उत्तराखण्ड सभी पैमानो पर देश का शीर्षस्थ राज्य है। वन्य जन्तु संरक्षण में भी प्रदेश अग्रणी है और जहां वर्ष 1975 से अब तक बाघो की संख्या पूरे देश में तेजी से घटी है वहीं उत्तराखण्ड में यह 40 से बढ़कर 200 तक हो गयी है।
उन्होंने कहा कि वन विकास निगम का कुल लाभ राज्य गठन के समय एक करोड़ रुपये था वहीं वर्तमान में वन विकास निगम 180 करोड़ का राजस्व सरकार को दे रहा है। उन्होंने कहा कि कैम्पा के माध्यम से वन पंचायतो का सशक्तिकरण किया जायेगा। अटल आदर्श ग्रामों में वन विभाग की सभी कल्याणकारी योजनाओ हिमालयी आजीविका परियोजना, कैम्पा आदि को लागू करने को भी उन्होंने कहा। निशंक ने कहा कि सरकार ने 1200 वन रक्षको की नियुक्ति की है और 375 को पदोन्नति दी है। विधायक सहसपुर राजकुमार के आरकेडिया ग्राम के मुद्दे पर उन्होंने मामले का परीक्षण कराकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सहसपुर विधानसभा में तकनीकि विश्वविद्यालय, वनस्थली विश्वविद्यालय, विज्ञानधाम जैसे बड़े संस्थानो को खोलने का निर्णय लेकर क्षेत्र की जनता का भला किया है। वन विकास निगम के अध्यक्ष ज्योति गैरोला ने बताया कि यदि नदियों के खनन एवं चुगान की अनुमति समय पर मिल जाए तो निगम का मुनाफा 300 करोड़ रुपए को पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि वन निगम की मुख्यमंत्री श्रमिक कल्याण योजना भी शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के लिये वन निगम, वन विभाग को 8 करोड़ रुपये देगा। वन विकास निगम मुस्कान योजना में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष अनिल बलूनी, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष अजेन्द्र अजय, प्रमुख वन संरक्षक आरबीएस रावत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]