स्वतंत्र आवाज़
word map

संघ कार्यालय पर हमले का विरोध प्रदर्शन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने इलाहाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर कांग्रेस के हमले की तीव्र शब्दों में निन्दा की है। शाही ने कहा है कि कांग्रेस और उसकी अध्यक्ष सोनियां गांधी जानबूझकर देश में अराजकता और हिंसा का वातावरण पैदा करने की साजिश रच रही हैं। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के बयान की भर्त्सना करते हुये उन्होंने कहा कि यह बयान जनता को उकसाने वाला, देश और प्रदेश में अराजकता पैदा करने वाला है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री विन्ध्यवासिनी कुमार और प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि कांग्रेस ने संघ कार्यालय पर हमला करके अपना आतंकवादी चेहरा उजागर किया है। संघ कार्यालय पर हमला करने वाले कांग्रेसी अपने गिरेबान में झांककर देखें। लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं होता है। हिंसा करने वालों को जनता करारा जवाब देगी।
इलाहाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर कांग्रेसी कार्यकताओं के हमले से आक्रोशित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओ ने विधानसभा के सामने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी का पुतला फूंककर अपना विरोध प्रदर्शन किया। इलाहाबाद में संघ कार्यालय पर कांग्रेसी हमले की सूचना जैसे ही भाजपा मुख्यालय पहुंची वहां पर भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटने लगे। संघ कार्यालय पर हमले से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुये विधानसभा के सामने आ गए। यहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई, बाद में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसी नेताओं का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेश महामंत्री विन्ध्यवासिनी कुमार, नरेन्द्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सहप्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, मीडिया प्रभारी नरेन्द्र सिंह राणा, सहमीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता, जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी, अभिजात मिश्रा, दिनेश दुबे, राजीव मिश्रा, मानसिंह, प्रत्युष मणि, अमित सोनकर, सत्यवान पाण्डेय, रिंकू सोनकर, मनीष शुक्ला, राजकिशोर वर्मा, अतुल दीक्षित, विशाल सोनकर, साकेत शर्मा, गुरूप्रसाद गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]