स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
रामनगर-देहरादून। मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक एमपी इंटर कालेज, रामनगर में भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और रामनगर में शीघ्र ही स्टेडियम निर्माण और परिवहन डिपो की स्थापना करने की घोषणा की। उन्होंने कहा 25 दिसम्बर को परिवहन डिपो का शिलान्यास किया जायेगा। निशंक ने बताया कि राज्य सरकार ने वन्य जन्तुओं के संरक्षण के लिए कार्य शुरू कर दिया है इसके लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी को वाइल्ड लाइफ एम्बेसडर की उपाधि दी गई है। इसके अतिरिक्त रामनगर में अगले वर्ष वन्य जन्तु संरक्षण के लिए एक विशाल सेमीनार का आयोजन किया जायेगा, जिसमें स्वयं महेन्द्र सिंह धौनी उपस्थित रहेंगे। रामनगर चिकित्सालय का यथाशीघ्र उच्चीकरण कर उसे 100 बैड का बनाये जाने और कोसी नदी पर सेतु निर्माण का कार्य भी शीघ्र प्रारम्भ किया जायेगा। महाविद्यालय में विधि संकाय और मालधनचौड़ में आईटीआई की दूसरी शाखा पर भी शीघ्र विचार किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा मोर्चा ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है, युवा अपनी ताकत के बल पर प्रदेश में विजन 2020 और मिशन 2012 की सफलता में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यहां भी दोहराया कि प्रदेश देश के मॉडल स्टेट के रूप में उभर रहा है। निशंक ने प्रदेश की विकास दर की बढ़ोत्तरी और जीडीपी दर में देश में आज पहले स्थान पर होने का श्रेय जहां पार्टी के कुशल नेतृत्व को दिया, वहीं युवाओं के योगदान के लिए भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य में 108 मेडिकल सेवा ने विश्व के सारे रिकार्ड तोड़े हैं। उत्तराखण्ड देश का एकमात्र ऐसा प्रदेश है, जहां 15 हजार रूपये में डॉक्टर की डिग्री दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए आने वाले वर्ष को सौगात वर्ष के रूप में मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अगले वर्ष 50 हजार बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। चार हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती, 20 हजार पद समूह-ग के माध्यम से तथा आईटीआई क्षेत्र में 50 हजार बेरोजगार को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी का कारण केन्द्र की नीतियों को बताते हुए केन्द्र सरकार को भ्रष्ट सरकार की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र के गलत निर्णयों के कारण ही आज हमारे नौजवान प्रदेश से पलायन करने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि राज्य के औद्योगिक पैकेज की सीमा को 2010 में ही समाप्त करना केन्द्र सरकार की पक्षपात्पूर्ण नीति का एक नमूना है। स्थानीय विधायक एवं सभा सचिव दीवान सिंह बिष्ट ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए रामनगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रामनगर में स्टेडियम, परिवहन डिपो, चिकित्सालय उच्चीकरण आदि कि मांग कुमाऊँ ही नहीं गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों से भी जुड़ी है। कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सहारनपुर के विधायक राघव रतन पाल ने प्रदेश सरकार के कार्यों की प्रशंसा की। सभा को भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कण्डारी, महामंत्री वीरेन्द्र वल्दिया सहित अनेक युवाओं ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री वंशीधर भगत, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा, अध्यक्ष बीज प्रमाणीकरण संस्था बलराज पासी, भाजपा महामंत्री सुरेश जोशी, सुखदेव नामधारी, पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल, भगीरथ लाल चौधरी, डॉ देवीदत्त दानी, जिलाध्यक्ष दीपक मेहरा, शान्ति मेहरा सहित अनेक दायित्वधारी एवं युवा मोर्चा के अनेक नेता उपस्थित थे।