स्वतंत्र आवाज़
word map

पासपोर्ट सेवा केंद्र बढ़ाए गए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

नई दिल्ली। पासपोर्ट जारी करने के लिए देशभर में तीन चरणों में 77 पासपोर्ट सेवा केन्द्र और 14 मिनी पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोले जाएंगे जिससे पासपोर्ट हासिल करने के लिए होने वाली दुश्वारियों में कुछ कमी होने की उम्मीद की जा सकती है। विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने बताया कि नई योजना से पासपोर्ट हासिल करना आसान हो जाएगा, क्योंकि इनसे देशभर में पासपोर्ट काउंटरों की संख्या तीन गुनी बढ़कर 1250 तक हो जाएगी। विभिन्न राज्यों में पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोलने के लिए जगह की पहचान चल रही है।

कृष्णा ने बताया कि फिलहाल देशभर में 37 पासपोर्ट कार्यालय हैं और पांच करोड़ लोगों के पास पासपोर्ट हैं। हर साल 50 लाख पासपोर्ट जारी किए जा रहे हैं। नए पासपोर्ट सेवा केन्द्र में नवीनतम तकनीक की मदद से प्राइवेट सेक्टर और सरकार की भागीदारी होगी। वर्ष 2009 में एक करोड़ दस लाख भारतीय विदेश गए, जबकि 2000 में 44 लाख भारतीय विदेश गए थे। विदेश दौरा आसान बनाने के लिए सरकार ने पासपोर्ट सेवा को अधिक सुलभ बनाने की योजनाओं पर काम शुरू किया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]