स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय शास्त्रीय संगीत का दिल्ली में 'मल्हार'

युवा भारत की समृद्ध शास्त्रीय संगीत विरासत से जुड़ें-उपराष्ट्रपति

'कई संगीत परंपराएं, एक साझा भावना, कई आवाजें, एक भारत'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 22 August 2026 04:58:10 PM

the 'malhar' festival of indian classical music

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों पर केंद्रित युवा केंद्रित और मॉनसून थीम वाला अंतर हृदय कनेक्ट के दिल्ली में आयोजित मल्हार-2026 उत्सव का उद्घाटन किया। उपराष्ट्रपति ने 'अंतर हृदय कनेक्ट' की सराहना की और युवाओं केलिए भारत की समृद्ध शास्त्रीय संगीत विरासत से जुड़ने के अवसर पैदा करने, खासकर मुफ्त शास्त्रीय संगीत कार्यक्रमों से उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उपराष्ट्रपति ने कहाकि भारत में हर क्षेत्र की अपनी संगीत परंपराएं, ध्वनियां और शैलियां हैं, फिरभी संगीत देश को जोड़ने वाली सबसे मजबूत कड़ियों में से एक है। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता का वर्णन इस तरह कियाकि ‘कई संगीत परंपराएं, एक साझा भावना, कई आवाजें, एक भारत’।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहाकि मल्हार रागों का परिवार पारंपरिक रूपसे मॉनसून से जुड़ा है और मल्हार को नई शुरुआत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहाकि संगीत में इंसानी मन को तरोताज़ा करने, कल्पनाशीलता जगाने और उम्मीद की किरण दिखाने की ताकत होती है। उपराष्ट्रपति ने कहाकि भारत की शास्त्रीय संगीत परंपरा एक जीवंत परंपरा है, क्योंकि इसमें लगातार बदलाव और विकास होता है। उन्होंने युवाओं से भारत की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षक और राजदूत बनने का आग्रह किया और उन्हें देश के शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को दुनियाभर के समुदायों तक लेजाने केलिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने संगीत को भारत की 'सॉफ्ट पावर' के सबसे बड़े रूपों में से एक बताया, जो भाषा और सीमाओं से परे जाकर दोस्ती, आपसी समझ और सद्भावना को बढ़ावा देने की क्षमता रखता है।
उपराष्ट्रपति ने 'मल्हार' उत्सव से जुड़े लोगों को बधाई दी और उम्मीद जताईकि यह आयोजन एक नियमित संगीतमय यात्रा बनेगा, जो हर मॉनसून में और ज़्यादा ऊर्जा, व्यापक भागीदारी और भारतीय शास्त्रीय संगीत केप्रति बढ़ते प्यार केसाथ वापस आएगा। मल्हार उत्सव में राज्यसभा सांसद और 'अंतर हृदय' के मुख्य संरक्षक हर्षवर्धन श्रृंगला, आईटीसी में कॉर्पोरेट मामलों के अध्यक्ष अनिल राजपूत, गैलेक्सी और स्वासदी ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप कुमार, भारत केलिए 'अंतर हृदय' के युवा सांस्कृतिक राजदूत सौरव शर्मा एवं बड़ी संख्या में कलाकार मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]