नॉर्थईस्ट की जीवंत संस्कृति, रचनात्मकता एवं युवाओं का उत्सव
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी फेस्ट में शामिलस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 5 September 2026 02:36:51 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने तालकटोरा स्टेडियम नई दिल्ली में शानदार 9वें 'नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट' में शामिल होकर पूर्वोत्तर राज्यों के युवाओं का उत्साह बढ़ाया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ पीड़ितों केप्रति एकजुटता व्यक्त की और उन्होंने बाढ़ में जान गंवाने वालों केलिए प्रार्थना की और उनके परिवारों केप्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहाकि 'नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट' इस क्षेत्र की जीवंत संस्कृति, रचनात्मकता और युवाओं का उत्सव है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 21 वर्ष में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में 'माई होम इंडिया' की भूमिका को रेखांकित किया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहाकि यह पहल पूर्वोत्तर के छात्रों केलिए घर से दूर एक घर के रूपमें शुरू हुई थी, आज यह एक राष्ट्रीय मंच बन गया है, जहां युवा भारतीय उस विविधता का जश्न मनाते हैं, जो उन्हें खास बनाती है और उन साझा बंधनों का भी जो उन्हें एकसाथ जोड़ते हैं। भारत की नदियों का उदाहरण देते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहाकि गंगा, यमुना, सरस्वती और ब्रह्मपुत्र अलग-अलग इलाकों से निकलती हैं और अलग अलग परिदृश्यों से होकर बहती हैं, फिरभी अंततः अपनी अलग पहचान खोए बिना एक शक्ति के रूपमें एकजुट हो जाती हैं।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ने युवाओं को पूर्वोत्तर का असली विकास इंजन और 'विकसित भारत' का निर्माता बताते हुए खेल, संगीत, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रोंमें इस क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने नार्थईस्ट से उभर रहीं अपार प्रतिभाओं के उदाहरण के तौरपर मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन की उपलब्धियों का उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री ने फेस्टिवल में डांस प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया।